ग्रेटर नोएडा के इकोविलेज-1 में 38% CAM वृद्धि के खिलाफ निवासियों का साढ़े तीन माह से अधिक समय से चल रहा संघर्ष आज भी जारी है। 19 सितंबर 2026 को YG Estate द्वारा बुलाई गई बैठक भी किसी समाधान के बिना समाप्त हो गई। बैठक के दौरान निवासियों और YG Estate के अधिकारियों के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति भी देखने को मिली।

बैठक में YG Estate की ओर से CAM को ₹2.75 से घटाकर ₹2.50 प्रति वर्गफुट करने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि, बैठक में मौजूद निवासियों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से स्पष्ट रूप से इनकार किया और “CAM वृद्धि वापस लो”, “ROLL BACK – GO BACK” तथा “YG Estate सोसाइटी से बाहर जाओ” के नारे लगाए।
35 दिन के धरने के बाद बनी थी समाधान की उम्मीद।
इकोविलेज-1 में YG Estate Facility Maintenance Agency द्वारा की गई 38% CAM वृद्धि के खिलाफ निवासी पिछले साढ़े तीन माह से अधिक समय से विरोध और संघर्ष कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर निवासियों ने 35 दिनों तक अनिश्चितकालीन धरना भी दिया।
धरने के दौरान स्थानीय विधायक माननीय तेजपाल नागर और प्रशासन के हस्तक्षेप एवं प्रयासों से YG Estate द्वारा बढ़ी हुई CAM राशि वापस लेने पर सहमति/आश्वासन दिए जाने के बाद निवासियों ने 35 दिनों से चल रहा धरना समाप्त किया। इससे निवासियों में यह उम्मीद बनी कि CAM वृद्धि का विवाद अब समाप्त होगा।
लिखित आश्वासन के बाद भी YG एस्टेट ने अपना रुख बदला।
निवासियों का आरोप है कि YG Estate अपने CAM वापस लेने के आश्वासन से पीछे हट गई है। इस वादा खिलाफ़ी के बाद विवाद और अधिक गंभीर हो गया।
इसी पृष्ठभूमि में 19 सितंबर की बैठक बुलाई गई थी परंतु, बैठक को लेकर निवासियों के बीच व्यापक असहमति थी। 4000 से अधिक निवासियों ने हस्ताक्षर कर बैठक के बहिष्कार का समर्थन किया था, इसके बावजूद बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पहुंचे निवासियों ने भी YG Estate के ₹2.50 प्रति वर्गफुट वाले प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। उनका स्पष्ट कहना था कि 38% CAM वृद्धि को किसी आंशिक कटौती के रूप में नहीं, बल्कि पूरी तरह वापस लिया जाना चाहिए।
निवासियों की मांग स्पष्ट है निवासियों का कहना है कि—
38% CAM वृद्धि पूरी तरह वापस ली जाए।
बढ़ी हुई CAM के नाम पर वसूली गई अतिरिक्त राशि का उचित समायोजन/वापसी हो।
प्रशासन के समक्ष दिए गए YG Estate के पूर्व आश्वासन का पालन किया जाए।
CAM और रखरखाव से जुड़े निर्णयों में निवासियों की वैध भागीदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
YG Estate द्वारा सेवाओं अथवा सुविधाओं में कटौती के माध्यम से निवासियों पर दबाव न बनाया जाए।
इकोविलेज-1 के निवासी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कह रहे हैं।