औरैया में दलित परिवार पर दबंगों का हमला, महिलाओं से अभद्रता का आरोप लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किया हमला

औरैया में दलित परिवार पर दबंगों का हमला, महिलाओं से अभद्रता का आरोप लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किया हमला

औरैया में दलित परिवार पर दबंगों का हमला, महिलाओं से अभद्रता का आरोप लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किया हमला

जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, पीड़ित ने अजितमल थाने में दी तहरीर

औरैया। जनपद के अजितमल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अमिलिया में दलित परिवार पर सामूहिक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ऋषि कुमार पुत्र होम सिंह ने थाना प्रभारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, 9 नवंबर को शाम करीब 6 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान विपक्षीगण कथित रूप से एक राय होकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर उनकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिजनों पर हमला बोल दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल फोन से अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद डीएल 2सी एपी 2168 नंबर की गाड़ी समेत अन्य वाहनों से करीब 8 से 10 लोग मौके पर पहुंच गए और मारपीट में शामिल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से गंभीर चोटें पहुंचाईं।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़ित परिवार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। शिकायत में कुछ लोगों के नाम भी दर्ज कराए गए हैं।

पीड़ित ने पुलिस से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें

घटना के संबंध में पीड़ित की ओर से थाना अजितमल में प्रार्थना पत्र दिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने और जांच की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Crime