ग्रेटर नोएडा, 21 सितंबर 2026 सनातन चेतना ट्रस्ट ने प्रतिभाशाली, मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से “वार्षिक शिक्षा सहायता अभियान” प्रारंभ किया है। अभियान के अंतर्गत चयनित बच्चे को पूरे एक वर्ष तक प्रतिमाह ₹1,000 की आर्थिक सहायता, अर्थात कुल ₹12,000 की वार्षिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

इस अभियान की शुरुआत करते हुए रविवार को चयनित बच्चे को प्रथम माह की ₹1,000 की सहायता राशि प्रदान की गई। यह सहयोग बच्चे की पढ़ाई तथा अन्य आवश्यक शैक्षिक जरूरतों की पूर्ति के लिए दिया जा रहा है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक दूबे ने बताया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी प्रतिभाशाली बच्चे की शिक्षा बाधित न हो, इसी संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई है। ट्रस्ट द्वारा पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें नियमित एवं व्यवस्थित रूप से शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल एक बच्चे का भविष्य नहीं बनाती, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती है। समाज के सक्षम एवं संवेदनशील नागरिकों से भी इस पुनीत अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।