सगे ताऊ के घर से 17 लाख के सोने के जेवर चोरी करने वाला भतीजा गिरफ्तार, अजीतमल पुलिस ने किया खुलासा

रिश्तेदारी का फायदा उठाकर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम, बेलचे से तोड़ा था अलमारी का लॉक; 107.299 ग्राम सोने के आभूषण बरामद देखे हमारे रिपोर्टर शकील राजा की रिपोर्ट
अजीतमल (औरैया)। औरैया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए ताऊ के घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने वाले भतीजे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत के 107.299 ग्राम सोने के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त बेलचा बरामद किया है। आरोपी ने रिश्तेदारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को अजीतमल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी उमेश कुमार दोहरे पुत्र स्वर्गीय शिवचरण अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने अछल्दा गए थे। इसी दौरान उनके घर में चोरी हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर ने घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 430/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।
चाचा के घर में आना-जाना था, इसलिए जानता था जेवरों की जानकारी पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अंशुल उर्फ यश उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र अम्बेश कुमार दोहरे ने बताया कि वादी उमेश कुमार दोहरे उसके चाचा हैं। उसका चाचा के घर आना-जाना रहता था, जिससे उसे घर में रखे जेवरात की जानकारी थी। 21 अक्टूबर को चाचा के परिवार के रिंग सेरेमनी में अछल्दा जाने की जानकारी मिलने पर उसके मन में लालच आ गया। वह अपने घर से बेलचा लेकर चाचा के मकान पर पहुंचा और अंदर से बंद दरवाजे को धक्का देकर खोल लिया। इसके बाद बेलचे से अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए और अपने घर के पीछे बने टूटे कमरे के मलबे में ईंटों के नीचे छिपा दिए।
17 लाख के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी (10.947 ग्राम), एक जोड़ी सोने के झाले (8.097 ग्राम), एक सोने की माला मय धागा (35.109 ग्राम), माला के तीन टुकड़े (18.292 ग्राम), एक सोने का ब्रेसलेट (28.706 ग्राम), एक अन्य सोने की अंगूठी (6.148 ग्राम) तथा घटना में प्रयुक्त एक बेलचा बरामद किया है। बरामद सोने के आभूषणों का कुल वजन 107.299 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।
एनएच-19 हाईवे के पास से हुई गिरफ्तारी
घटना के खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर अजीतमल पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने मोहल्ला गांधी नगर में पावर हाउस के पास एनएच-19 हाईवे से आरोपी अंशुल उर्फ यश (करीब 21 वर्ष) को शाम लगभग 7:47 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भी अजीतमल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर का निवासी है।
पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक समीर चौधरी तथा अजीतमल थाने के उपनिरीक्षक इकबाल हुसैन पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी अजीतमल के कुशल पर्यवेक्षण में की गई।