गाजियाबाद में बुधवार सुबह 8.30 बजे 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। आग गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के टावर-डी में 9वें फ्लोर पर लगी। देखते ही देखते आग ने 7 मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार करीब 5 किमी दूर से दिखाई दे रहा था।
गनीमत रही कि फ्लैट में रहने वाले लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। सीढ़ियों से नीचे की ओर भागे। अपना घर जलते देखकर महिलाएं फूट-फूटकर रो पड़ीं। सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। धुएं की वजह से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में लगी आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन की मदद ली गई। बगल की बिल्डिंग के लोग भी पाइप से आग बुझाने में जुट गए।
इस बीच, सीएम योगी ने घटना का संज्ञान लेकर अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा- मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, डीएम को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
करीब 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। एम्बुलेंस और पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद हैं। बिल्डिंग और आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। लोगों को इलाके से दूर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। घटना इंदिरापुरम इलाके के अभय खंड की है।
