नोएडा। अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहने के उद्देश्य से केपटाउन उत्तराखंड परिवार द्वारा रविवार, 22 नवंबर 2026 को सोसायटी परिसर में उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व ‘ईगास बग्वाल’ (बूढ़ी दिवाली) का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ किया गया। “अपनी संस्कृति, अपनी पहचान” की थीम पर आधारित इस महोत्सव में सोसायटी के निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण सोसायटी के बच्चों और महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। इसके अतिरिक्त, आमंत्रित लोक कलाकारों और पहाड़ी बैंड द्वारा पारंपरिक पहाड़ी लोकगीतों की जीवंत प्रस्तुतियाँ दी गईं। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों पर निवासियों ने उत्साहपूर्वक पारंपरिक ‘भैलो’ खेला और सामूहिक लोक नृत्य का आनंद उठाया।
इस अवसर पर केपटाउन एओए के अध्यक्ष श्री प्रवीण भारद्वाज एवं पूर्व अध्यक्ष श्री अरुण शर्मा ने केपटाउन उत्तराखंड परिवार के सभी सदस्यों को हृदय से धन्यवाद देते हुए विशेष आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि केपटाउन उत्तराखंड परिवार समिति के सदस्यों ने नोएडा की भागदौड़ भरी शहरी जिंदगी में न केवल पहाड़ की लोक संस्कृति को जीवंत रखा है, बल्कि केपटाउन सोसायटी में निवास करने वाले अन्य क्षेत्रों के नागरिकों को भी इस अनूठी भारतीय और लोक परंपरा से अवगत कराने का सराहनीय कार्य किया है।

इस भव्य और सफल आयोजन को मूर्त रूप देने में उत्तराखंड परिवार समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा, जिनमें मुख्य रूप से अध्यक्ष श्री मदन मोहन रावत सचिव श्री भूपेंद्र रौतेला, श्री आशीष भट्ट, श्री सचिन पाठक, श्री सुनील डंगवाल, नीरोय दत्त, रविंदर रावत आदि शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों व निवासियों ने एक-दूसरे को ईगास बग्वाल की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सामूहिक पहाड़ी भोज का आनंद लिया।
