
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गौर सिटी मॉल, नोएडा एक्सटेंशन में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान में यातायात विभाग की ओर से TSI शाने आलम जी एवं सड़क सुरक्षा सेल प्रभारी कपिल धामा के साथ ट्रैक्स (TRAX) NGO की टीम ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान गौर सिटी मॉल में उपस्थित मॉल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में मुख्य रूप से ISI मार्क हेलमेट का उपयोग, सीट बेल्ट की अनिवार्यता, वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना, पीएम राहत योजना, राहवीर योजना, गोल्डन आवर का महत्व, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन इंश्योरेंस, आपातकालीन सेवा डायल 112, ट्रैफिक लाइट और जेब्रा क्रॉसिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
इस दौरान लोगों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए तथा अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक प्रफुल्ल श्रीवास्तव सहित यातायात विभाग एवं संबंधित टीम के सदस्यों की सहभागिता रही।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाना रहा।
यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित घर पहुंचें। आपकी सावधानी ही आपकी और दूसरों की जिंदगी बचा सकती है। #NewsExtension