गौतम बुद्ध नगर जिला भाजपा कार्यालय में गौतम बुद्ध नगर और नोएडा महानगर जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई। गौतम बुद्ध नगर में भाजपा जिलाध्यक्ष के दसवें कार्यकाल के रूप में अभिषेक शर्मा को नौवां जिलाध्यक्ष चुना गया। वहीं, महेश चौहान को नोएडा महानगर के आठवें जिलाध्यक्ष अध्यक्ष के रूप में जिम्मेवारी मिली है। इस मौके पर चुनाव अधिकारी श्री शिवहरे और चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में मेरठ के सांसद राजेन्द्र अग्रवाल सहित जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर और जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
अभिषेक शर्मा का परिवार मूलरूप से हापुड़ जिले की धौलाना तहसील के पारपा गांव का रहने वाला है। कई दशक पूर्व उनका परिवार दादरी आया था। उनके दादा ओमप्रकाश शर्मा का नाम दादरी नगर के संभ्रांत लोगों में शुमार था। वह राष्ट्रीय सेवक संघ के समर्पित सदस्य थे। वह दादरी क्षेत्र में आरएसएस के प्रथम सदस्यों में से एक थे। अभिषेक शर्मा की प्राथमिक शिक्षा दादरी में ही हुई। हाई स्कूल तक की पढ़ाई दादरी स्थित मिहिर भोज इण्टर कॉलेज एवं बारहवीं की पढ़ाई बिसाहड़ा स्थित राणा संग्राम सिंह इण्टर कॉलेज से की। पढ़ाई के दौरान ही वह अखिल भारतीय विधार्थी परिषद से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की। गौतम बुद्ध नगर भाजपा में वह जिला मंत्री भी रहे है। वर्तमान में वह ग्रेटर नोएडा में निवास करते है।
भाजपा नोएडा महानगर जिलाध्यक्ष बने महेश चौहान नोएडा के छलैरा गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत भाजपा से की। वह मण्डल उपाध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश भाजपा में किसान मोर्चा में प्रदेश मंत्री रहे है। इस सबके बावजूद उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि जिला पंचायत सदस्य के रूप में रही है। यह उपलब्धि इस लिए भी अहम कही जा सकती है कि उस समय प्रदेश में भाजपा सत्ता से बाहर थी। विरोधी दलों का प्रदेश में पूरी तरह दबदबा था। ऐसे में वह जिले में भाजपा के एक मात्र जिला पंचायत सदस्य रहे।




