सुपरटेक इको विलेज-2 के टावर बी-8 में दो महीने से पानी के लिए हाहाकार, मेंटेनेंस की लापरवाही से त्रस्त हुए लोग

सुपरटेक इको विलेज-2 के टावर बी-8 में दो महीने से पानी के लिए हाहाकार, मेंटेनेंस की लापरवाही से त्रस्त हुए लोग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की चर्चित सोसायटियों में शुमार सुपरटेक इको विलेज-2 (Supertech Eco Village 2) के टावर बी-8 के निवासी पिछले लगभग दो महीनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे सैकड़ों परिवार नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, लेकिन सोसाइटी का मेंटेनेंस विभाग पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है।
​मुख्यमंत्री के आदेशों की सरेआम अवहेलना
​एक तरफ जहाँ माननीय मुख्यमंत्री जी का राज्य की जनता के प्रति स्पष्ट आश्वासन और निर्देश है कि नागरिकों को सभी मूलभूत और बुनियादी सुविधाएं बिना किसी बाधा के पूरी तरह से मिलनी चाहिए, वहीं मेंटेनेंस टीम ‘वाईजी स्टेट’ मुख्यमंत्री के इस नीतिगत फैसले और निर्देशों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर रही है। इन लापरवाह लोगों के रवैये से साफ झलकता है कि शासन-प्रशासन के आदेशों के प्रति इनके मन में कोई सम्मान नहीं है। मेंटेनेंस ‘वाईजी स्टेट’ की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

​निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस टीम ‘वाईजी स्टेट’ (YG Estate)—जो कि नीतिश अरोड़ा की निगरानी में संचालित होती है—अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह से लापरवाह और निकम्मी साबित हो रही है। मेंटेनेंस टीम समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल ‘ब्लेम गेम’ खेल रही है। कभी किसी का नल खुला होने का बेतुका तर्क दिया जाता है, जबकि सोसाइटी के बुनियादी ढांचे की देखरेख, पाइपलाइन और पानी की नियमित निगरानी करना सीधे तौर पर मेंटेनेंस विभाग का ही कर्तव्य है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए वह केवल बहाने बना रही है। ​पुलिस प्रशासन तक पहुंचा मामला, एसआई को सौंपा ज्ञापन

​पानी की इस विकट समस्या से त्रस्त होकर टावर बी-8 के निवासियों ने प्रशासनिक स्तर पर अपनी आवाज बुलंद कर दी है। कल रात निवासियों ने इस संबंध में एसआई अंकित को एक लिखित ज्ञापन पत्र सौंपा। ज्ञापन स्वीकार करते हुए एसआई अंकित ने आश्वासन दिया है कि इस पत्र को उनके वरिष्ठ अधिकारियों तथा सिटी मजिस्ट्रेट तक अग्रेषित किया जाएगा, ताकि इस गंभीर लापरवाही पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा सके।

​निवासियों की दो टूक चेतावनी ​स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द टावर बी-8 की जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे मेंटेनेंस और प्रबंधन के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

Delhi NCR Real Estate