शराब के नशे में बेटे ने परिवार पर बरसाए डंडे, पिता की मौत कैंट थाना क्षेत्र के काँधरपुर गांव की घटना, आरोपी अमित फरार

शराब के नशे में बेटे ने परिवार पर बरसाए डंडे, पिता की मौत कैंट थाना क्षेत्र के काँधरपुर गांव की घटना, आरोपी अमित फरार

बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के ग्राम काँधरपुर में घरेलू विवाद के दौरान बेटे द्वारा की गई मारपीट में पिता की मौत हो गई। मृतक की बेटी की तहरीर पर पहले ही कैंट थाने में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम काँधरपुर निवासी 55 वर्षीय काशीराम कश्यप के बेटे अमित ने 20 मई की रात करीब 11 बजे शराब के नशे में घर पहुंचकर परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि जब पिता काशीराम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो अमित ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई बहन प्रीति और बुआ के साथ भी मारपीट की गई।

मारपीट में काशीराम को गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जिला अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी अमित जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने प्रीति की शिकायत के आधार पर पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब काशीराम की मौत के बाद मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।

कैंट पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Crime