पंचशील हाईनिश सोसाइटी के हजारों निवासियों के लिए लंबे इंतजार, संघर्ष और उम्मीदों के बाद न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण फैसला सामने आया है। सोसाइटी में पिछले कई महीनों से लंबित चुनाव प्रकरण में माननीय इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मा० उप-जिलाधिकारी, दादरी के न्यायालय द्वारा पारित आदेश के क्रम में सोसाइटी में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। इसी क्रम में श्रीमान डिप्टी रजिस्ट्रार महोदय द्वारा जिलाधिकारी महोदया की ओर से नामित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को यथाशीघ्र चुनाव संपन्न कराने के लिए नामित कर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। और चुनाव अधिकारी ने भी शासित नियमों का हवाला देकर दि०- 15-10-26 को दिशा-निर्देश जारी कर दिये है, जिसमें 19 अक्टूबर 2026 तक दस्तावेज जमा करने के लिए एओए को निर्देश दिया गया है।

कल दि०-16-10-26 को सोसाइटी में निवासियों ने एक बैठक की जिसमें बड़ी तादाद में उपस्थिति रही तथा उपस्थित निवासियों ने लोकतांत्रिक अधिकारों, सामूहिक जनभावनाओं और न्याय व्यवस्था में अटूट विश्वास प्रकट किया और इस फैसले का स्वागत कर एक महत्वपूर्ण जीत बताया। न्याय के फैसले से जगी नई उम्मीद , निष्पक्ष चुनाव की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे निवासियों में इस घटनाक्रम से उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण है। अनेक निवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की तथा न्यायपालिका और प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
निवासियों का मानना है कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी व्यवस्था और जनमत के सम्मान में निहित होती है। जब किसी संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय तक विवाद बना रहे, तब निष्पक्ष चुनाव ही विश्वास बहाली और सौहार्दपूर्ण वातावरण की पुनर्स्थापना का सबसे प्रभावी माध्यम बनता है।

अब प्रशासन की निगरानी में संपन्न होने वाली चुनाव प्रक्रिया से निवासियों को अपनी पसंद की कार्यकारिणी चुनने का अवसर मिलेगा तथा सोसाइटी में पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी विश्वास के एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। इस पूरे मामले में श्री अनुज कुमार, श्री महेन्द्र सिंह, श्री आनंद शर्मा, श्री रक्त मणि पांडेय, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, श्री भावेश झा आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
निवासियों ने इस पूरी प्रक्रिया में न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखने पर निष्पक्ष चुनाव की दिशा में आगे बढ़ी प्रशासनिक कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया है। सोसाइटी में पिछले काफी समय से चुनाव प्रक्रिया, एओए की कार्यप्रणाली तथा आय-व्यय के विवरण को लेकर सवाल उठते रहे हैं। निवासियों के एक वर्ग ने वर्तमान कालातीत एओए के अध्यक्ष श्री विनोद नेगी एवं उनके सहयोगियों की कार्यशैली पर गंभीर आपत्तियां जताई हैं और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग की है।
इसके अतिरिक्त, सोसाइटी के आय-व्यय का नियमित विवरण उपलब्ध कराने, निवासियों के धन के उपयोग का स्पष्ट हिसाब देने तथा सामुदायिक सुविधाओं की स्थिति में सुधार करने की मांग भी लगातार उठती रही है। स्वीमिंग पूल लंबे समय से बंद होने और बच्चों के पार्क की व्यवस्था संतोषजनक न होने को लेकर भी निवासियों में चिंता व्यक्त की जाती रही है।
सोसाइटी के धन के दुरुपयोग को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच की अपेक्षा की जा रही है। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि यहां रहने वाले प्रत्येक परिवार की साझा धरोहर है। इसकी व्यवस्था में प्रत्येक निवासी के हित, अधिकार और सम्मान का समान महत्व होना चाहिए।
इस कदम से निवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान लोकतांत्रिक और विधिसम्मत तरीके से चुनीं हुई एसोशिएशन द्वारा किया जाएगा।