औरैया जिले की अजीतमल पुलिस ने बाबरपुर हाईवे स्थित एक होटल में दो ट्रक चालकों को नशीला पानी पिलाकर नकदी चोरी करने की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, दस्तावेज, मोबाइल फोन, एक कार और नशीली दवाएं बरामद की हैं। मामले में पुलिस आरोपी के अन्य साथियों और किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मैनपुरी निवासी ट्रक चालक आदेश कुमार और सर्वेश कुमार 14 जुलाई को इटावा से उरई माल लेने जा रहे थे। रास्ते में दोनों बाबरपुर हाईवे स्थित सुंदरम होटल पर भोजन करने के लिए रुके। इसी दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं को होटल का कर्मचारी बताते हुए उन्हें पानी का जग दिया। पानी पीने के कुछ देर बाद दोनों चालक बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो उनकी जेब में रखे करीब 62 हजार रुपये गायब थे।

पीड़ितों की शिकायत पर 28 जुलाई को कोतवाली अजीतमल में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को मधुवन ढाबा के सामने सर्विस रोड से आरोपी सुनील कुमार शर्मा (33) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बांदा का निवासी है और वर्तमान में गुजैनी, कानपुर नगर में रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से 20,170 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, स्विफ्ट डिजायर कार (UP 90 Y 6175) तथा नींद की गोलियां बरामद हुई हैं। नशीली दवाओं की बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में एक और धारा भी बढ़ा दी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ जालौन, बांदा और हमीरपुर समेत कई जिलों में नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित साथियों की तलाश में जुटी है