ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ग्रीनआर्च सोसाइटी में बिजली चोरी एवं निवासियों से अवैध वसूली के गंभीर मामले का खुलासा 27 मई 2026 को उस समय हुआ, जब दोपहर लगभग 12:00 बजे NPCL विजिलेंस टीम द्वारा सोसाइटी परिसर में गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध रूप से सब-मीटर लगाकर बिजली चोरी किए जाने तथा निवासियों से अवैध वसूली किए जाने के प्रमाण मिले। 
विजिलेंस टीम को निरीक्षण के दौरान बेसमेंट क्षेत्र में पांच अवैध सब-मीटर मिले। इसके अतिरिक्त दो अवैध चार्जिंग स्टेशन भी पाए गए, जिन पर एक समय में लगभग पांच वाहन चार्ज हो रहे थे। साथ ही मदर डेयरी की एक कमर्शियल दुकान में भी अवैध रूप से सब-मीटर लगाकर बिजली आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया।
निरीक्षण के दौरान यह भी आरोप सामने आया कि ग्रीनआर्च AOA द्वारा विजिलेंस टीम के कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि बिजली चोरी एवं अवैध वसूली की शिकायतें कई बार ग्रीनआर्च AOA को दी गई थीं, लेकिन AOA द्वारा न तो शिकायतों पर कोई संतोषजनक उत्तर दिया गया और न ही बिजली चोरी रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। लगातार उपेक्षा के बाद निवासियों ने अंततः बिजली विभाग से शिकायत करने का निर्णय लिया, जिस पर NPCL द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
निवासियों का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम में ग्रीनआर्च AOA ने निवासियों के हितों की अनदेखी करते हुए बिल्डर के कथित अनाधिकृत कार्यों को संरक्षण देने का कार्य किया।
अब सोसाइटी के निवासी बिजली विभाग द्वारा आगे की कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं, ताकि दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके
