ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो की DPR को निरस्त किए जाने से नाराज निवासियों ने नोएडा में किया प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो की DPR को निरस्त किए जाने से नाराज निवासियों ने नोएडा में किया प्रदर्शन

केंद्र सरकार द्वारा एक बार फिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को निरस्त किए जाने से नाराज निवासियों ने आज सेक्टर-71 चौराहे के समीप नोएडा एक्सटेंशन की ओर जाने वाले अंतिम मेट्रो पिलर के पास जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का आयोजन नेफोवा (NEFOWA) द्वारा किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्थानीय रेसिडेंट्स ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए मोटी रस्सी से मेट्रो पिलर को खींचकर नोएडा एक्सटेंशन की ओर ले जाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार-बार डीपीआर निरस्त होने से क्षेत्र के लाखों निवासियों में भारी निराशा है।

नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक ने बताया कि “ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। बार-बार डीपीआर निरस्त करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लाखों लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। हम सरकार से मांग करते हैं कि मेट्रो परियोजना को जल्द से जल्द मंजूरी देकर कार्य शुरू किया जाए।”

प्रदर्शन में शामिल निवासियों ने बताया कि वे रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम से जूझते हैं, जबकि क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। पिछले 10 वर्षों से मेट्रो को लेकर केवल वादे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नजर नहीं आ रही।‌आज के प्रदर्शन में शामिल लोगों ने जमकर नारेबाजी की तथा केंद्र एवं राज्य सरकार से गुहार लगाया कि मेट्रो हमारी आवश्यकता है और इसे अब और ज्यादा विलंब किए बिना कार्य शुरू होना चाहिए।

आज सभी निवासियों ने एकजुट होकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मेट्रो परियोजना को स्वीकृति नहीं दी गई, तथा कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके अलावा 26 अप्रैल को हजारों की संख्या में निवासी दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।

#Metro4GreaterNoidaWest

Real Estate