यूपी के बागपत में पुलिस और मेरठ एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात बदमाश विपुल उर्फ खूनी खूनी ढेर हो गया। पुलिस एनकाउंटर में गोली लगने से विपुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विपुल ग्राम भभीसा, थाना कांधला, जनपद शामली का रहने वाला था। एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के बाद मौके से दो 32 बोर की पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और खोखे तथा एक अपाचे बाइक बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, विपुल उर्फ खूनी एक शातिर अपराधी था। वह कुख्यात सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर बताया जाता था।
उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और रंगदारी समेत तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, दिल्ली सहित विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज थे। विपुल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साल 2014 में विपुल ने ग्राम भभीसा निवासी अशोक के भाई पवन की हत्या की थी। इस मामले में थाना कांधला में मुकदमा दर्ज हुआ था।
जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद वह लगातार फरार चल रहा था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके विरुद्ध वारंट जारी थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2014 में गांव एलम में एक चर्चित महिला की हत्या और वर्ष 2017 में सहारनपुर के मानपुर में महिला प्रधान निर्मम हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था। इस कार्रवाई को बागपत पुलिस और मेरठ एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे अभी हाल में ही फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया था।
