कैंडल मार्च रोकने पर सपा का विरोध, नेताओं को हिरासत में लेने के बाद पार्टी कार्यालय में जलीं लोकतंत्र की कैंडल

नोएडा। लोकतांत्रिक अधिकारों, शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा के समर्थन में समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर द्वारा आज नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए (गेट नंबर-4) से डीएम चौक तक प्रस्तावित विशाल कैंडल मार्च को पुलिस प्रशासन ने शुरू होने से पहले ही रोक दिया। इस दौरान सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाया गया और बाद में सभी को समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के कैंप कार्यालय, कंचनजंगा मार्केट, सेक्टर-53 छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार, महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता अपनी धर्मपत्नी के डायलिसिस के सिलसिले में सेक्टर-135 स्थित फेलिक्स हॉस्पिटल गए हुए थे। वहीं से पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर सेक्टर-6 चली गई। इसके बाद महानगर महासचिव विकास यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता निर्धारित समय पर नोएडा स्टेडियम गेट नंबर-4 पहुंचे, जहां पहले से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने कैंडल मार्च एवं प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी और उपस्थित कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठा दिया।

बाद में सभी कार्यकर्ताओं को सपा के कैंप कार्यालय, कंचनजंगा मार्केट, सेक्टर-53 लाया गया। पार्टी का आरोप है कि कार्यालय के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कार्यकर्ता किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन न कर सकें। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर के भीतर ही महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में कैंडल जलाकर लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान और युवाओं के भविष्य की रक्षा का संकल्प लिया।

महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि “लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। यदि सरकार और प्रशासन शांतिपूर्ण कैंडल मार्च से भी भयभीत होकर पुलिस बल के सहारे आवाज दबाने का प्रयास करेगा, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाती रहेगी।

महानगर महासचिव विकास यादव ने कहा कि “हमारा कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण था। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं को रोकना और हिरासत में लेना यह दर्शाता है कि जनता के मुद्दों से सरकार घबराई हुई है। समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी और युवाओं, छात्रों तथा आम जनता के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने कहा कि “शांतिपूर्ण कैंडल मार्च पर रोक लगाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र में विश्वास करती है तथा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर हमेशा मुखर रहेगी। पुलिस कार्रवाई से हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर नहीं होगा, बल्कि जनहित के संघर्ष को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. आश्रय गुप्ता, विकास यादव, गौरव कुमार यादव, मोहम्मद तसलीम, बबली शर्मा, शालिनी खारी, वीरपाल प्रधान, लोकेश यादव, विनोद यादव, ओमपाल राणा, राणा मुखर्जी, अमित भाटी, रंजन, मुन्ना आलम, अमित बसोया, बाबूलाल बंसल, नेहा पांडे, तनवीर हुसैन, मोहित यादव, ओसामा, वीर बहादुर, अमित कुमार, सुभाष, श्याम, बबलू चौहान, राघवेंद्र दुबे, उदय सिंह, दीपक, संजय यादव, वीरेंद्र पहलवान, नरेश सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नेता उपस्थित रहे।

Poltics