भीषण गर्मी में इंसानियत की मिसाल परी चौक पर लगा प्याऊ, राहगीरों को मिल रही ठंडे पानी की राहत

भीषण गर्मी में इंसानियत की मिसाल परी चौक पर लगा प्याऊ, राहगीरों को मिल रही ठंडे पानी की राहत

ग्रेटर नोएडा तेज़ होती गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच परी चौक एक बार फिर इंसानियत की ठंडी छांव देखने को मिली। एक्टिव सिटीज़न टीम ने यहां गोल चक्कर पर तीन मटकों में शीतल पेयजल की व्यवस्था कर एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की है, जो राहगीरों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

परी चौक, जो कि शहर का एक प्रमुख और व्यस्ततम केंद्र है, यहां हर दिन हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है—चाहे वे नौकरीपेशा हों, विद्यार्थी हों या दूर-दराज से आने वाले यात्री। ऐसे में भीषण गर्मी के दौरान स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना किसी जीवनदायिनी सेवा से कम नहीं है।

इस पहल के तहत प्रतिदिन लगभग 30 से 35 (20 लीटर) पानी की बोतलों से मटकों को भरा जाएगा, जिससे पूरे दिन लोगों को निरंतर ठंडा पानी मिल सके। खास बात यह है कि टीम के सदस्य स्वयं इसकी निगरानी और साफ-सफाई का भी ध्यान रख रहे हैं, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।

इस पुण्य कार्य में समाजसेवी मनोज सिंघल, मनजीत सिंह, मनोज गर्ग और हरेन्द्र भाटी का विशेष योगदान रहा। सभी ने मिलकर न केवल इस सेवा को शुरू किया बल्कि इसे नियमित रूप से संचालित करने का भी संकल्प लिया।

एक्टिव सिटीज़न टीम के सक्रिय सदस्य हरेन्द्र भाटी ने कहा कि “गर्मी के इस कठिन समय में प्याऊ की व्यवस्था लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत है। हमारा प्रयास है कि कोई भी राहगीर प्यासा न रहे। आने वाले समय में हम अन्य व्यस्त स्थानों पर भी ऐसी ही व्यवस्था करने की योजना बना रहे हैं।”

यह पहल सामाजिक एकता, सहयोग और मानवता की सच्ची भावना को दर्शाती है। ऐसे कार्य न केवल जरूरतमंदों की मदद करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सेवा भाव को भी बढ़ावा देते हैं।

NGO