उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने रचा नया इतिहास विधायक धीरेन्द्र सिंह

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने रचा नया इतिहास विधायक धीरेन्द्र सिंह

आर्थिक समीक्षा 2025-26 पहली बार उत्तर प्रदेश के इतिहास में आर्थिक समीक्षा के डक्यूमेंट को सदन के पटल पर रखा गया

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चालू होने जा रही उड़ान इस प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएगी- धीरेन्द्र सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा कल उत्तर प्रदेश विधान सभा में प्रस्तुत आर्थिक समीक्षा वर्ष 2025-26 यह स्पष्ट करती है कि प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख इंजन बनकर उभरा है। बीते 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार दोगुने से भी अधिक बढ़कर 13.30 लाख करोड़ रुपये (2016-17) से 30.25 लाख करोड़ रुपये (2024-25) हो गया है, जो प्रदेश के तेज़, संतुलित और समावेशी विकास को दर्शाता है ।

आर्थिक समीक्षा के अनुसार, राष्ट्रीय जीडीपी में उत्तर प्रदेश का योगदान बढ़कर लगभग 9.1 प्रतिशत हो गया है। वहीं प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 2016-17 के ₹54,564 से बढ़कर 2024-25 में ₹1,09,844 तक पहुँच चुकी है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में ठोस सुधार परिलक्षित होता है।

कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी बना हुआ है। खाद्यान्न, गन्ना, दूध, आलू, आम और मेंथा उत्पादन में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। डीबीटी के माध्यम से किसानों को समयबद्ध भुगतान, सिंचाई विस्तार और फसल बीमा जैसी योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।

औद्योगिक विकास, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक गलियारे, हवाई अड्डे, मेट्रो और सड़क-रेल विस्तार ने उत्तर प्रदेश को देश के शीर्ष निवेश गंतव्य राज्यों में स्थापित किया है, जिससे बड़े पैमाने पर रोज़गार सृजन हुआ है।

इस अवसर पर जेवर के विधायक श्री धीरेंद्र सिंह ने कहा—

“आर्थिक समीक्षा 2025-26 यह सिद्ध करती है कि उत्तर प्रदेश आज नीतिगत स्पष्टता, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के कारण देश के विकास का केंद्र बन चुका है। जेवर विधानसभा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और निवेश में जो तेज़ प्रगति हुई है, उसका सीधा लाभ किसानों, युवाओं और उद्यमियों को मिला है। यह विकास केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।”

सामाजिक क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जन-धन, पेंशन और स्वच्छता जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। 37 करोड़ से अधिक पौधारोपण कर प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

आर्थिक समीक्षा 2025-26 यह स्पष्ट संकेत देती है कि उत्तर प्रदेश “विकसित भारत @2047” के लक्ष्य की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है और आने वाले वर्षों में देश की आर्थिक प्रगति में और भी बड़ी भूमिका निभाएगा।

Delhi NCR